पसगवां। जंगबहादुरगंज से दिल्ली, लखनऊ और शाहजहांपुर आने-जाने के लिए 24 घंटे रोडवेज बस सेवा है, लेकिन जिला मुख्यालय के लिए कोई सीधा साधन नहीं है। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का जिला मुख्यालय आना-जाना रहता है। सीधी बस न होने से उन्हें कई बार बसें बदलनी पड़ती हैं, जिससे समय और किराया अधिक लगता है।
मौजूदा शासन के नौ वर्ष बीत चुके हैं। जनप्रतिनिधियों ने सीधी बस सेवा का आश्वासन भी दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्रीय नागरिक परेशान हैं।
ग्राम मुल्लापुर निवासी हरद्वारीलाल शुक्ल का कहना है कि सुबह जंगबहादुरगंज से वाया पसगवां लखीमपुर के लिए बस सेवा हो जाए तो क्षेत्रीय नागरिकों को आसानी हो जाएगी। ग्रामवासी बृजेश कुमार राठौर का कहना है कि यदि सीधी बस सेवा हो जाए तो बार-बार बसें नहीं बदलनी पड़ेंगी। समय भी कम लगेगा।
एआरएम गोला महेशचंद्र कमल का कहना है कि डिपो को बसें मिलेंगी, तभी सेवा शुरू हो पाएगी। संवाद