लखीमपुर खीरी। एसपी स्टेनो प्रकरण में करीब एक माह बाद जांच तेज हो गई है। दो शादियां करने के आरोप में घिरे स्टेनो गौरव शर्मा और पीड़िता के बयान सीओ ने दर्ज कर लिए हैं।
सहारनपुर निवासी निदा मलिक ने एसपी डॉ. ख्याति गर्ग को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि गौरव शर्मा ने अपनी पहली शादी और दो बच्चों की जानकारी छिपाकर करीब नौ वर्ष पहले उससे विवाह किया। दूसरी शादी के बाद उन्हें एक शिशु भी हुआ। बाद में पहली शादी की जानकारी होने पर विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर स्टेनो ने उसे धमकाया। इससे उन्हें जानमाल का खतरा भी पैदा हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने स्टेनो को मूल पद गोला भेजते हुए जांच सीओ को सौंपी थी, जिसे बाद में बदलकर सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह को दे दिया गया। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अन्य बिंदुओं पर जांच के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट के आधार पर स्टेनो के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। संवाद