वार्डों में ऑक्सीजन को लेकर हायतौबा भी नहीं
मेडिकल महिला एवं आयुष्मान वार्ड में भी कई बेड हुए खाली
लखीमपुर खीरी। जिलेवासियों के लिए अच्छी खबर है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कुछ कमी आई है। इसी का परिणाम है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी से लेकर वार्ड में मरीज कम पहुंच रहे हैं। शनिवार को सांस लेने में परेशानी वाले एडीजे सहित चार मरीजों की मौत हुई तो वहीं रविवार को दस, जबकि इससे पहले एक-एक दिन में 20 से 25 लोगों की मौत सिर्फ इमरजेंसी ओपीडी में होती थी।
सोमवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी से लेकर वार्डों में शांति थी। न तो पहले जैसी मरीजों की लाइन थी और न ही वार्डों में तीमारदारों में बेड और ऑक्सीजन को लेकर मारामारी। मेडिकल महिला एवं आयुष्मान वार्ड में भी कई बेड खाली थे। वार्डों में ऑक्सीजन को लेकर हायतौबा भी नहीं थी। वार्ड स्टाफ का कहना था कि दो तीन से राहत है। मरीज भी कम आ रहे हैं और पहले से अब मौतें भी कम हो रही हैं।
दो-तीन दिन से मरीजों की संख्या में कमी आई हैं। पहले जहां रोजाना 70 से 80 मरीज आ रहे थे तो अब संख्या घटकर करीब 50 रह गई है। सांस के मरीजों के लिए ऑक्सीजन पर्याप्त है। - डॉ. आरसी अग्रवाल सीएमएस जिला अस्पताल