लखीमपुर खीरी। जिले में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जोड़ने और पुराने केसीसी का नवीनीकरण कराने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है, जो 23 जुलाई तक चलेगा।
अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक विकासखंड के लिए एक बैंक के नोडल अधिकारी और कृषि विभाग के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) की संयुक्त ड्यूटी लगाई गई है।
जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र किसानों की पहचान करना है, जो अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित नहीं हैं, ताकि उन्हें समय पर फसली ऋण उपलब्ध कराया जा सके। जिन किसानों के केसीसी का नवीनीकरण लंबित है, उनके कार्ड भी शिविरों के माध्यम से नवीनीकृत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि जिनके पास अभी तक केसीसी नहीं है अथवा जिनका केसीसी नवीनीकरण लंबित है, वे शिविर में सुविधा का लाभ उठाएं। किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि अभिलेख (खतौनी), मोबाइल नंबर लाने होंगे।
विकासखंडवार शिविर व तिथियां
14 जुलाई को लखीमपुर, बिजुआ, धौरहरा, रमियाबेहड़ और बांकेगंज, 15 जुलाई को मितौली, गोला, पलिया, निघासन और ईसानगर, 16 जुलाई को मोहम्मदी और फूलबेहड़, 20 जुलाई को बेहजम और नकहा, 22 जुलाई को पसगवां में शिविर लगेगा।