मृतका पिंकी देवी के परिजनों से मिलने पहुंचे सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा। संवाद
भीरा। 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आकर पिंकी देवी की मौत के मामले में शुक्रवार को विद्युत निगम के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधीक्षण अभियंता मनीष झा, इलेक्ट्रिक इंस्पेक्टर कृष्णकांत और एक्सईएन निशांत ज्योति समेत विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच की। अधिकारियों ने हादसास्थल पर विद्युत लाइन, इंसुलेटर और अन्य उपकरणों का निरीक्षण कर तकनीकी जानकारी जुटाई। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया के तहत आवश्यक जांच भी की, ताकि नियमानुसार आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।
अधीक्षण अभियंता मनीष झा ने बताया कि विद्युत सुरक्षा टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। जांच रिपोर्ट जल्द तैयार होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला के परिजनों से मिले सपा सांसद
भीरा। थाना क्षेत्र में बरमबाबा के पास 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटने से करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाली पिंकी देवी के घर सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा पहुंचे। सांसद ने घटना पर दुख जताते हुए विद्युत निगम के एक्सईएन से फोन पर वार्ता की। उन्होंने विभागीय नियमों के तहत पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए कहा। उन्होंने तहसीलदार पलिया से भी बात कर प्रशासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए कहा। संवाद
मृतका पिंकी देवी के परिजनों से मिलने पहुंचे सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा। संवाद