फरधान। क्षेत्र के गांव बगहा में रविवार देर शाम बिजली लाइन में हुई स्पार्किंग से गेहूं की फसल में आग लग गई। हादसे में तीन किसानों की करीब 11 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
बताया जाता है कि शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति शुरू होने के कुछ देर बाद लाइन में स्पार्किंग हुई और चिंगारी डालचंद भार्गव के गेहूं के खेत में गिर गई। देखते ही देखते आग फैल गई। शुरुआत में आग की जानकारी ग्रामीणों को नहीं हो सकी, लेकिन लपटें तेज होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली निगम को सूचना देकर लाइन कटवाई और ट्रैक्टर व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास के अन्य किसानों की फसल बच गई।
आग की चपेट में आकर डालचंद भार्गव की 6.5 बीघा, कन्नौजी लाल वर्मा की चार बीघा और अशोक वर्मा की करीब आधा बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।