लखीमपुर खीरी। कहीं महर्षि वाल्मीकि की सजी पालकी, तो कहीं अश्वमेध यज्ञ के घोड़े के साथ लव-कुश की झांकी। बैंड-बाजे, आकर्षक रोशनी और जयकारों के बीच जिलेभर में महर्षि वाल्मीकि का प्रकट दिवस मनाया गया।
शहर में जिला वाल्मीकि सेवा समिति की ओर से संकटा देवी स्थित प्राचीन वाल्मीकि मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे और धार्मिक झांकियों से सजी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष विकास बालगुहेर, उपाध्यक्ष कुशाल बाली, महामंत्री कमल, हरपाल सिंह और विशाल बाली सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग किया। महर्षि वाल्मीकि मंदिर कमेटी गोटैय्याबाग के दिव्य प्रकाश, सचिन, सुरेंद्र सोहाना, जितेंद्र सिंह, अनुराग बासु और चंदन लाल वाल्मीकि भी शामिल रहे।
ओयल के चमरौधा में वाल्मीकि समाज के लोगों ने दोपहर करीब 12 बजे मंदिर से शोभायात्रा निकाली। इसमें सबसे आगे अश्वमेध यज्ञ के घोड़े के साथ भगवान राम के पुत्र लव-कुश की झांकी रही। शोभायात्रा मोहल्ला कोतवाली, महाबीरी, बगिया और जगतिया होते हुए वाल्मीकि मंदिर पहुंची।
गोला गोकर्णनाथ में प्रभात फेरी के बाद महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजन और आरती की गई। इसके बाद निकली शोभायात्रा में महर्षि वाल्मीकि की सजी पालकी और अश्वमेध का घोड़ा पकड़े लव-कुश सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अपने कैंप कार्यालय श्री धर्मादा समिति गोशाला में शोभायात्रा का स्वागत किया। विधायक अमन गिरि, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल और मिल रोड पर व्यापारी नेता भारत प्रसाद मिश्र ने झांकियों का पूजन किया। भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, सुर्जनलाल वर्मा मौजूद रहे।
पलियाकलां में मोहल्ला रंगरेजान से शुरू होकर दुधवा रोड, स्टेशन रोड, मेला रोड, मालगोदाम रोड, नगर पालिका रोड, पुराना अस्पताल रोड और काकूपुरियान होते हुए वापस प्रारंभिक स्थल पर पहुंची। शोभायात्रा में भाजपा विधायक रोमी साहनी और सपा प्रदेश सचिव रेहान खान शामिल हुए। तहसील गेट पर पलिया बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मैनरो ने प्रसाद वितरित किया।
शोभायात्रा में लव-कुश और हनुमान की झांकी देखते लोग। स्रोत:आयोजक
शोभायात्रा में लव-कुश और हनुमान की झांकी देखते लोग। स्रोत:आयोजक
शोभायात्रा में लव-कुश और हनुमान की झांकी देखते लोग। स्रोत:आयोजक