राजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता। स्रोत : स्वास्थ्य विभाग
लखीमपुर खीरी। कभी गर्मी तो कभी बारिश के कारण मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। रविवार को नगरीय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, गले में खराश और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचे।
शहर के राजगढ़ नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 27 मरीज पहुंचे। डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि इनमें अधिकांश वायरल बुखार से पीड़ित थे। मरीजों को चिकित्सकीय सलाह देने के साथ दवाएं वितरित की गईं। निर्मल नगर, नौरंगाबाद और गौटेय्याबाग स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मौसमी बीमारियों के मरीज पहुंचे।
बरवर पीएचसी में दोपहर तीन बजे तक डॉ. फैजान ने सर्दी-जुकाम, बुखार और त्वचा संबंधी समस्याओं के 42 मरीजों का उपचार किया। जरूरत के अनुसार मरीजों की जांच भी कराई गई।
सीएमओ ने किया अर्बन पीएचसी राजगढ़ का औचक निरीक्षण
लखीमपुर खीरी। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने रविवार को अर्बन पीएचसी राजगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही थीं। डॉ. राहुल सिंह मरीजों की जांच करते मिले। सीएमओ ने केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था देखी और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। संवाद