सिकंद्राबाद। कसबा नीमगांव में चेकिंग के दौरान मास्क को लेकर सिपाही और एक युवक के बीच गाली-गलौज हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों में मारपीट भी हुई। हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है, उसका कहना है कि सिर्फ कहासुनी हुई थी। युवक एक माननीय का खास बताया जाता है।
बृहस्पतिवार की देर शाम थाना नीमगांव पुलिस नीमगांव कसबे में चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक युवक बिना मास्क लगाए निकला। सिपाही ने उसे रोक लिया। मास्क को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। साथी अन्य पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव किया। सिपाही से हाथापाई की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक निरीक्षक अमर सिंह रघुवंशी, सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को जब पकड़ने की कोशिश की तो वह प्रभारी निरीक्षक से भी भिड़ गया। प्रभारी निरीक्षक नीमगांव अमर सिंह का कहना है कि वह बेहजम में थे सूचना मिलने पर मौके पर गए। कोई मारपीट नहीं हुई है। युवक नशे में था। उससे मामूली कहासुनी हुई थी। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।