धनगढ़ी-नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
शुक्रवार को निकली तेज धूप तो अलीगंज में शाम को गिरे ओले
लखीमपुर खीरी। शहर में बृहस्पतिवार की देर रात हल्की बारिश ने जहां ठंड बढ़ा दी थी, वहीं शुक्रवार को मौसम खुलने से नगर के लोगों ने राहत की सांस ली। शाम होते-होते मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। इसके अलावा नेपाल की पहाड़ियों पर बर्फबारी होने से इससे क्षेत्रों का भी मौसम बदल गया।
गोला क्षेत्र के अलीगंज इलाके में करीब पौने सात बजे बारिश के साथ-साथ ओले गिरने लगे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री तो न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे, जिससे कुछ क्षेत्रों में बारिश होगी और ओलावृष्टि हो सकती है।
धनगढ़ी (नेपाल)। सुदूर पश्चिम प्रदेश के उच्च पहाड़ी क्षेत्र के बेतड़ी जिला के श्रीभावर, डोल्यामेड, खोड़पे, अनारखोली, बझांग जिले के बितथड़ और डडेलधुरा आदि में बृहस्पतिवार की रात से हुई भीषण बर्फबारी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बर्फबारी के साथ बारिश भी हुई। कैलाली व कंचनपुर जिले में भी शुक्रवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।
पलियाकलां। बृहस्पतिवार को देर रात हुई मूसलाधार बारिश से निचले मोहल्लों में जलभराव हो गया। वहीं दो दिन से लगातार निकल रही धूप से राहत मिलने के बाद बरसात होने से ठंड बढ़ गई। हालांकि शुक्रवार को सुबह निकली धूप ने ठंडी हवाओं से राहत पहुंचाई।
अमीरनगर। हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम के खुल जाने से किसान मायूस हो गए। बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहे। गरज चमक के साथ रात के समय हल्की बूंदाबांदी के बाद शुक्रवार को मौसम खुल गया। इस समय फसलों को बारिश के पानी की आवश्यकता है। आसमान में छाए बादलों को देखकर किसानों के चेहरों पर मुस्कान आ गई थी। लेकिन बारिश न होने से किसान मायूस हो गए।
रोशननगर। गुरुवार को मौसम ने करवट ली, जिससे शुक्रवार सुबह धूप निकली। आसमान में बादल छाये रहे। शाम को गरज चमक के साथ हल्की बूंदा बांदी हुई।