फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामगंगानगर परियोजनाः धर्मस्थल हटाने पर चंदपुर बिचपुरी में फिर माहौल गर्म, जाम और हंगामा

Fri, 05 Feb 2021 01:55 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
धर्मस्थल हटाने पर हंगामा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

 

रामगंगा नगर आवासीय परियोजना के लिए गांव चंदपुर बिचपुरी में अधिग्रहीत जमीन पर बने धर्मस्थल को हटाने के बाद उसके पुनर्निर्माण के लिए बृहस्पतिवार को बीडीए ने चिह्नांकन शुरू किया तो आसपास के गांवों से एक समुदाय के सैकड़ों लोग इसके विरोध में इकट्ठे हो गए। भारी हंगामे के बीच पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को खदेड़कर धर्मस्थल की ओर जाने से रोका। इसके बाद लोगों ने भुता रोड पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।

विज्ञापन


बीडीए ने कुछ समय पहले रामगंगा नगर आवासीय योजना की सड़क को चौड़ा करने की प्रक्रिया शुरू की तो पता चला कि चंदपुर बिचपुरी गांव की सीमा में सड़क की जगह पर एक धर्मस्थल का हिस्सा बना हुआ है। उसी समय इस धर्मस्थल का एक हिस्सा बीडीए ने पुलिस की मदद से ढहा दिया था। तभी से माहौल गर्म बना हुआ था। बृहस्पतिवार को यहां काम शुरू करने के लिए बीडीए की टीम फिर भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंची।

सड़क को चौड़ा करने का काम शुरू हुआ तो धर्मस्थल का बाकी बचा हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया। हालांकि बीडीए ने धर्मस्थल के लिए पास ही में चिह्नांकन कराकर कुछ ईंटें रखवा दीं मगर एक समुदाय के लोगों ने धर्मस्थल की जगह बदलने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। आसपास के गांवों से इकट्ठे हुए लोगों ने बीडीए की टीम को घेर लिया तो पुलिस ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ा।

धर्मस्थल से किया एलान तो इकट्ठी हुई और भीड़

विज्ञापन

पुलिस के खदेड़ने लोग और ज्यादा भड़क गए। इसी बीच पास के ही धर्मस्थल से बीडीए की कार्रवाई का जिक्र करते हुए एलान किया गया कि लोग इकट्ठे होकर यहां पहुंचें। इसके बाद भीड़ और बढ़ने लगी। भारी संख्या में भुता रोड पर इकट्ठी हुईं महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ लोग खेतों से होकर धर्मस्थल की ओर जाने लगे। मौके पर बिथरी के साथ कई और थानों की भी पुलिस तैनात थी जिसने हंगामा कर रहे लोगों को धर्मस्थल की ओर जाने से रोक दिया। इस बीच बीडीए की जेसीबी ने सड़क के हिस्से में बना धर्मस्थल भी ध्वस्त कर दिया।

बीडीए की ओर से चिन्हित जगह पर धर्मस्थल हटाकर दूसरी जगह बनाया
घटना का पता लगने के बाद मौके पर पहुंचे आईएमसी के जिलाध्यक्ष नदीम खान ने बीडीए की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। इसी बीच दरगाह आला हजरत से फरमान मियां, सपा पार्षद शमीम अहमद और सपा नेता हैदर अली भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने आरोप लगाया कि बीडीए ने धर्मस्थल की जगह बदलकर वादाखिलाफी की है। इसी दौरान यहां इकट्ठे लोगों ने बीडीए द्वारा बनाए गए अस्थाई धर्मस्थल को हटाकर दूसरी जगह धर्मस्थल बनाकर खोदाई शुरू कर दी। कुछ ही देर में लोगों ने एक जगह धर्मस्थल बनाकर वहां ईंटें रख दीं और चादर चढ़ा दी। इसके बाद बीडीए की टीम लौट गई लेकिन रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

बीडीए की कार्रवाई का पहले भी हुआ था विरोध
चंदपुर बिचपुरी में कुछ दिनों पहले भी बीडीए की टीम ने धर्मस्थल का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। तब भी ग्रामीणों ने बीडीए की कार्रवाई का विरोध करके काफी हंगामा किया था। बीडीए अफसरों का कहना है कि चंदपुर बिचपुरी की यह जमीन रामगंगा नगर आवासीय योजना के लिए अधिग्रहीत की गई थी लेकिन कुछ लोगों ने अवैध कब्जा करके धर्मस्थल बना दिया। इस अवैध कब्जे को हटाने के बाद एक समुदाय के लोग विरोध कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें