पहाड़ों पर हो रही भीषण बर्फबारी से तराई कांप उठी है। पिछले तीन दिनों से यहां शीतलहर का प्रकोप जारी है। तापमान में लगातार गिरावट आने से ठंड और गलन बढ़ गई है। सोमवार को पूरा जिला कोहरे की सुरमई चादर से लिपटा रहा। सर्द हवाओं के चलने से ठंड में और ज्यादा इजाफा हो गया है। लोग दिन भर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पिछले तीन दिनों से चल रही शीतलहरी से पूरा जिला कांप उठा है। सोमवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद बादलों ने सूरज को ढक लिया। दिन भर सूरज नहीं निकला। सर्द हवाओं का चलना दिन भर जारी रहा। बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी। सुबह घना कोहरा छाया रहने से लोगों को हेडलाइट जलाकर अपने वाहन चलाने पड़े। बच्चों को स्कूल जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एकाएक ठंड बढ़ जाने से बाजार में गर्म कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। शहर की मेन रोड पर सजे गर्म कपड़ों के फुटपाथी बाजार में सोमवार को काफी भीड़ रही। बड़े-बड़े शो रूम के साथ-साथ कंपनी गार्डेन के पास लगी गर्म कपड़ों की बाजार में भी खरीदारों की काफी भीड़ रही। यह ठंड बीमारों, बुजुर्गों और बच्चों पर भारी पड़ रही है। ठंड के कारण लोग सर्दी जुकाम, खांसी और बुखार जैसी बीमोरियों से पीड़ित हो रहे हैैं।