लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित होने वाले 54 राजकीय और 45 एडेड स्कूलों के बच्चों को डिजिटल ज्ञान देने के लिए काम तेज कर दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाए जाएंगे, जहां पर हर दिन बच्चों को डिजिटल तरीके से ज्ञान दिया जाएगा। क्लास में प्रोजेक्टर, एलसीडी लगाकर बच्चों को पढ़ाया जाएगा।
राजकीय और एडेड स्कूलों के बच्चों को भी डिजिटल ढंग से ज्ञान मिले, इसको लेकर शासन की ओर से हरी झंडी मिल गई है। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि निजी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा पहले से ही है, लेकिन राजकीय और एडेड स्कूलों में यह सुविधा नहीं थी। प्रस्ताव के बाद अब सभी 54 राजकीय और 45 एडेड इंटर काॅलेजों में एक स्मार्ट क्लास बनाई जाएगी।
इसको लेकर शासन से प्रत्येक कॉलेज के लिए दो लाख 40 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृति की गई है। बताया कि इतने मूल्य से स्कूलों में प्रोजेक्टर, एलसीडी, इंटरनेट के अलावा जरूरी सामान पहुंचाया जाएगा। स्मार्ट क्लास में हर दिन एक कक्षा के छात्रों को डिजिटल ढंग से ज्ञान दिया जाएगा।