चंदन चौकी में कोठी चैराहे के पास स्किल सेल एमीनिया मु्क्ति अभियान कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम का केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की मौजूदगी में प्रसारण हुआ। यहां प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम में एमीनिया रोग के बारे में जानकारी देते हुए समाज के लोगों को जागरूक किया। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने बताया कि स्किल सेल एमीनिया अनुवांशिक बीमारी है, जो कि आमतौर में जनजाति के लोगों में पाई जाती है, जिसको लेकर सरकार काफी गंभीर है और मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस बीमारी को प्रमुखता से उठाते हुए इसके समाप्त करने के लिये संकल्प लिया गया है। इसके लिए बाकायदा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जो भी इस बीमारी से पीड़ित है उसका चिन्हीकरण करने के बाद उसका बेहतर उपचार कराया जाएगा, ताकि आगे चलकर आनुवांशिक खतरा न बन सके।
खीरी के आठ सेंटरों पर हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम लखीमपुर जिले के आठ सेंटरों पर आयोजित किया गया है, जिसमें छह पलिया ब्लॉक व दो निघासन ब्लॉक में शामिल रहे। सीएचसी पलिया के चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि स्किल सेल एनीमिया बीमारी हो जाने के बाद इसका पूर्ण रूप से कोई इलाज नहीं है। इस कार्यक्रम के तहत पहले से ही जांच कर व्यक्ति को एक कार्ड दिया जाएगा जिसमें डॉक्टर यह बता देंगे कि व्यक्ति स्किल सेल वाहक है या स्किल सेल रोगी है। यह एक अनुवांशिक बीमारी है, जिसको रोकने का प्रयास केंद्र सरकार कर रही है।
इन लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी, सीएमओ संतोष गुप्ता, एसीएमओ अश्वनी कुमार, वीसी पंत, सीएचसी पलिया अधीक्षक भरत सिंह, अजीत सिंह, संतोष कुमार, फैजान, कोमल साहा के साथ ही सांसद प्रतिनिधि दीपक तलवार, पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता समेत भारी संख्या में स्वास्थ्य विभाग व भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
चंदनचौकी सीएचसी का शुभारंभ, सब सेंटर भी गए चलाए
चंदन चौकी में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने शुभारंभ किया। कहा कि बहुत ही खुशी हो रही है कि छोटे सी जगह पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना हुई है। सरकार आदिवासी जनजाति के प्रति काफी सक्रिय है और लगातार काम कर रही है। यहां के थारू समाज के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा और वह पलिया से लेकर लखीमपुर तक नहीं दौड़ेंगे। इसके अलावा कई उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी उद्घाटन किया। जो थारू क्षेत्र में आते हैं।
आयुष्मान कार्ड धारकों को बांटे कार्ड
केंद्रीय गृहराज्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड का भी वितरण किया। मौके पर मौजूद 15 लाभार्थियों को उन्होंने आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। इस दौरान कार्डधारक के साथ ही परिजन भी शामिल रहे।
पीएम का संवाद न होने पर मायूस दिखे थारू समाज के लोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल संवाद का भी आयोजन किया गया था। लेकिन केवल वर्चुअल संबोधन के अलावा संवाद आदि कोई भी बात नहीं हुई, जिसके चलते थारू समाज के लोगों में मायूसी दिखाई दी। उनका कहना था कि वर्चुअल संवाद अगर प्रधानमंत्री करते हैं तो उनको क्षेत्र की समस्याएं बताते, लेकिन यहां केवल खानापूर्ति ही की गई है। थारू समाज की समस्याओं से किसी को कोई लेना देना नहीं है।