बहराइच के जंगल से भटक कर आबादी में पहुंचा तेंदुआ
थाना क्षेत्र के कैरातीपुरवा गांव के मजरा बंशीबेली में मक्के की फसल की रखवाली कर रहे छह लोगों को तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया। शनिवार अलसुबह खेत में घुसे तेंदुआ को भगाने के प्रयास में यह घटना घटी। सभी घायलों को ईसानगर पीएचसी में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने घेराबंदी करने पर तेंदुआ घाघरा नदी पार कर ईसानगर बेलाहार की तरफ चला गया। फिलहाल तेंदुए के भय से दोनों जिलों के आधा दर्जन गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।
बंशीबंली गांव निवासी छोटू पुत्र इंद्रपाल ने गांव से पूरब अपने खेत में मक्के की फसल की रखवाली करने के लिए मचान बना रखा है। शनिवार सुबह करीब चार बजे छोटू को खेत में कुछ आहट सुनाई दी। टार्च की मदद से कोई बड़ा जानवर दिखने से डरे छोटू ने गांव में सूचना देकर अपनी मदद के लिए लोगों को बुलाया। लोगों के आने के बाद छोटू मचान से उतर कर जैसे ही लोगों की तरफ जाने लगा तभी मक्के में छिपे बैठे तेंदुए ने हमला बोल दिया। छोटू को बचाने के लिए आए गांव के 16 वर्षीय नीरज पुत्र प्यारेलाल, 32 वषी़य रामू पुत्र राममनोहर, 18 वर्षीय पंकज पुत्र सुंदर, 22 वर्षीय सतीश पुत्र मुक्कदम, 25 वर्षीय उद्धव त्रिवेदी को तेंदुए ने जख्मी कर दिया।
लोगों के अनुसार तेंदुआ घाघरा नदी पार कर ईसानगर की तरफ चला गया है वहीं वन विभाग ने मौके का मुआयना कर तेंदुए को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दी है। उधर घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईसानगर लाया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वनक्षेत्राधिकारी धौरहरा हरद्वार सिंह ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने के लिए ईसानगर और नदी पार दोनों तरफ टीमें कांबिंग कर रही हैं। बहराइच के जंगलों से कभी कभार यहानवर भटक कर आ जाते हैं। टीम तेंदुआ को उसी रास्ते से जंगल ले जाने का प्रयास कर रही है।