लखीमपुर खीरी। लखीमपुर, मोहम्मदी की तरह ही धौरहरा, कुंभी, निघासन और चंदनचौकी की आईटीआई में युवाओं के लिए जल्द ही नई ट्रेड का शुभारंभ किया जाएगा। टाटा टेक्नोलॉजी की ओर से वर्कशॉप बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही प्रशिक्षण शुरू करा दिया जाएगा। इन ट्रेड में एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित छह ट्रेड में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
जिले के युवाओं के लिए शासन की ओर से बड़ी सौगात मिली है। ग्रामीण अंचल के युवाओं को भी बेहतर प्रशिक्षण मिले इसको लेकर चार राजकीय आईटीआई में भी टाटा टेक्नोलॉजी की ओर से कौशलेंद्र केंद्र बनाए जाने की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
यहां पर आधुनिक तकनीकों पर आधारित इन प्रशिक्षण केंद्रों में युवाओं को इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें दक्ष बनाया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा कहीं भी रोजगार पाकर जीवन यापन कर सकेंगे। आईटीआई के नोडल प्राचार्य वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जिले की चार अन्य आईटीआई में भी टाटा टेक्नोलॉजी कौशलेंद्र केंद्र बनाने की मंजूरी हो गई है।
बताया कि अभी लखीमपुर और मोहम्मदी आईटीआई में टाटा कौशलेंद्र केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां पर युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां पर युवाओं को इलेक्ट्रिक वाहन, रोबोटिक्स, डिजिटल विनिर्माण, आईओटी ऑटोमेशन और आधुनिक कारीगरी जैसे विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
युवाओं के बढ़ रहे रुझान को देखते हुए अन्य चार आईटीआई में भी टाटा टेक्नोलॉजी ने कौशलेंद्र केंद्र स्थापित करने की बात कही है। इन कौशलेंद्र केंद्रों में छात्रों को इंडस्ट्री 4.0 की मांग के अनुरूप तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण में अत्याधुनिक उपकरणों और सॉफ्टवेयर का उपयोग होगा।