रमियाबेहड़। सिंगाही क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर शाम पोखरी गांव के पास जौरहा नदी से बालू लादकर ले जाई जा रही करीब छह बैलगाड़ियों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी बैलगाड़ियों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
उपनिरीक्षक केसी तिवारी ने बताया कि पकड़ी गई बैलगाड़ियों के संबंध में रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई खनन विभाग की ओर से की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़े स्तर पर अवैध खनन करने वाले भू-माफिया अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जबकि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए लोगों में से एक व्यक्ति ने बताया कि कुल सात बैलगाड़ियां थीं। इनमें से एक बैलगाड़ी खराब होने के कारण मौके पर ही छोड़ दी गई, जबकि अन्य छह बैलगाड़ियों को पुलिस अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि अवैध खनन में संलिप्त बड़े माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। क्षेत्र में बड़े स्तर पर मिट्टी और बालू का अवैध खनन हो रहा है, जिस पर पूरी तरह रोक लगाई जानी चाहिए। संवाद