गन्ने के खेतों में खाबड़ लगाकर करते थे शिकार
ममरी/ रेहरिया। मोहम्मदी रेंज के वन कर्मियों ने गन्ने के खेतों में खाबड़ लगाकर जंगली सुअरों का शिकार करने वाले छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि दो भाग गए।
रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कठिना नदी के किनारे कुछ लोग गन्ने के खेतों में खाबड़ लगाकर जंगली सुअरों का शिकार करने जा रहे हैं। फॉरेस्टर जगदीश वर्मा, नरेंद्र वर्मा, प्रज्जव कुमार, रोहित श्रीवास्तव और टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के सिपाही संदीप और राजेश ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को खाबड़ समेत धर दबोचा।
पकड़े गए शिकारियों ने अपना नाम गयाप्रसाद पुत्र छोटेलाल, गौरव कुमार पुत्र रामकिशन, सुधीर, विपिन पुत्र रतनू निवासी जमुनहां, ओमवीर पुत्र गजराज निवासी कोड़रा थाना हैदराबाद, पुत्तूलाल पुत्र बनवारीलाल निवासी बांकेगंज थाना मैलानी बताया। रेंजर ने बताया कि इनके दो साथी मिथलेश पुत्र सुरेंद्र और नयनसिंह पुत्र मिथलेश मौका पाकर भाग गए हैं। पकड़े गए शिकारियों को महेशपुर कोठी लाकर उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों का चालन भेज दिया गया है।