गांव के लोगों के साथ बस से बारात में गया एक छात्र लौटते समय सीतापुर में बस रुकने पर वहीं छूट गया। पिछले दो दिनों से छात्र का कोई सुराग नहीं मिला है। छात्र की तलाश में उसके घरवाले सीतापुर में दर-दर भटक रहे हैं।
फूलबेंहड़ क्षेत्र के गांव पिपरा मरोड़ा निवासी राजेंद्र के पुत्र मुसाफिर की शादी बाराबंकी से तय हुई थी। गुरुवार को गांव से बारात बाराबंकी गई थी। शुक्रवार को विदाई के बाद करीब 70 बाराती बस से घर लौटने लगे। सीतापुर बाईपास पर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण बस रुकी तो उसमें सवार ग्रामीण नीचे उतर गए। जब क्रॉसिंग खुली तो बाराती बस में सवार होकर गांव पहुंच गए, लेकिन कक्षा 11 का छात्र कल्लू घर नहीं पहुंचा। जिसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई। घरवालों का कहना है कि दो दिन से सीतापुर में कल्लू की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कहीं सुराग नहीं मिला है।