खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते ब्लॉक प्रमुख।
खीरी टाउन। खीरी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में कालर ग्राउंड में चल रहे सिकंदर चैंपियंस ट्रॉफी सीजन तीन नाकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को प्लेऑफ का दूसरा मुकाबला स्मार्ट बॉयज लखीमपुर और सनी स्पार्टन सीतापुर के बीच हुआ।
सनी स्पार्टन सीतापुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में पांच विकेट पर 175 रनों के विशाल स्कोर बनाया। जवाब में स्मार्ट बॉयज लखीमपुर की टीम निर्धारित 12 ओवर में आठ विकट के नुकसान पर मात्र 77 रन ही बना सकी। इस तरह सनी स्पार्टन सीतापुर ने मैच को 98 रनों से जीतकर फाइनल में प्रवेश करने वाली दूसरी टीम बन गई। सिकंदर चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला मंगलवार को खीरी सुपर किंग्स बनाम सनी स्पार्टन सीतापुर के बीच दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। मैन ऑफ द मैच सनी स्पार्टन सीतापुर के आमिर रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया।
मानव सेवा संस्थान द्वारा प्रायोजित मैच के मुख्य अतिथि नकहा ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एहराज अहमद रहे। मैच में अंपायरिंग हाजी रानू और सुहैल अहमद ने की। स्कोरिंग आलोक शर्मा और नुरुल हसन ने संयुक्त रूप से की। कमेंटरी का जिम्मा अमानत शफ़ीक़ व जावेद ने संभाला। मैच के दौरान खीरी स्पोर्टिंग क्लब के सभी सदस्य और दर्शक मौजूद रहे।