पंजाब में गत दिनों श्रीगुरुग्रंथ साहिब के अपमान के विरोध में जिले के सिख समाज के लोगों ने दिवाली नहीं मनाई।
उचौलिया। क्षेत्र के सिख समुदाय ने बाबा गुरुनाम सिंह के आह्वान पर दीपावली नहीं मनाई। सिखों ने दीपावली पर घरों में दीये नहीं जलाये और न ही आतिशबाजी चलाई। स्थानीय गुरुद्वारा नानकसर में दीपावली पर हर साल मनाये जाने वाले बंदीछोर दिवस को भी सादगी से मनाया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा में बाबा गुरुनाम सिंह ने विशेष अरदास की। दीपावली पर गुरुद्वारा में कोई सजावट नहीं की गई। स्थानीय निवासी निशान सिंह ने बताया कि उन लोगों ने श्रीगुरुग्रंथ साहिब के अपमान के शोक में काली दिवाली मनाई।
पलियाकलां। पंजाब के जिला भठिंडा के ग्राम बरगाड़ी में गुरुग्रंथ साहिब के अपमान के विरोध में सिख संगत ने काली दीपावली के रूप में मनाया। इसमें सिख संगत न तो आतिशबाजी की और न ही रोशनी की। इसके साथ ही उन्होंने घरों में काली पट्टियां व काले झंडे लगाकर रोष जताया। उधर, पतेड़ा के शहीद सिंह गुरुद्वारे से संगत के तमाम लोगों ने बाइक रैली निकाली जो खजुरिया गुरुद्वारे तक गई।
बीते एक माह पूर्व पंजाब के जिला भठिंडा के ग्राम बरगाड़ी में श्री गुरू ग्रंथ साहिब का अराजक तत्वों द्वारा अपमान किया गया था। इसको लेकर शहर में मौन जुलूस निकालकर धरना भी दिया था तथा दोषियों को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग की थी। यहां फैसला किया गया था कि इस बार वह काली दीपावली मनाएंगे । जिसके बाद शहर सहित आसपास ग्रामों की सिख संगत ने दीपावली को काली दीपावली के रूप में मनाया। जिसमें उन्होंने घरों में काले झंडे व काली पट्टियां लगाईं साथ ही आतिशबाजी व रोशनी न करके घटना का रोष जताया। पतेड़ा के शहीद सिंह गुरुद्वारे से संगत के तमाम लोगों ने बाइक रैली निकाली जो खजुरिया गुरुद्वारे तक गई और सभी ने काली दस्तार बांध कर विरोध जताया। साथ उन्होंने रास्ते भर संगत के लोगों को काली दीपावली मनाने का संदेश दिया।इसमें सुरेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह, विक्रमजीत सिंह, मंजीत सिंह आदि तमाम संगत के लोग शामिल रहे।
मझगईं। इलाके में भी सिख संगत ने काली दीपावली मनाई। उन्होंने काली पटटियां बांधी और काले झंडे लगाए। रोशनी भी नहीं की गई।
संपूर्णानगर। इलाके में भी सिख संगत ने काली दीपावली मनाई। उन्होंने घरों में काले झंडे लगाए और काली पट्टियां बांधी।