लखीमपुर खीरी। गुरुद्वारा श्री निर्मल आश्रम में धार्मिक ग्रंथ के कथित निरादर के मामले में सोमवार को संयुक्त जिला खीरी सिंह सभा समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें महंत लक्ष्मण दास शास्त्री की ओर से 22 नवंबर को नगर कीर्तन निकालने के लिए जारी पोस्टर पर भी आपत्ति जताई गई है।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के जन्म पर्व पर गुरुद्वारा श्री निर्मल आश्रम से नगर कीर्तन निकाला जाता है, जो पूरे शहर में भ्रमण करता है। ऐसे में महंत की ओर से अलग से नगर कीर्तन निकालने के लिए जारी पोस्टर से स्थिति तनावपूर्ण होने की आशंका है।
समिति के अध्यक्ष हरविंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि सिख धर्म के नियमों के विरुद्ध कार्य करने के आरोपित महंत को श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सेवा से तत्काल हटाया जाए और गुरुद्वारे से निष्कासित किया जाए।
उन्होंने गुरुद्वारे का संचालन किसी प्रांतीय संस्था को सौंपने या कमेटी गठित कर व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।समिति ने 22 नवंबर को प्रस्तावित नगर कीर्तन पर रोक लगाने और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि विरोध या कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा।इस मौके पर संरक्षक कुलवंत सिंह खैरा, प्रीतम सिंह, गुरमीत सिंह भुल्लर, परमजीत सिंह, हरपाल सिंह, जरनैल सिंह, पाल सिंह और सोनू राना मौजूद रहे।