लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अटकोहना के मजरा हजरिया निवासी एक महिला ने शारदानगर थाने में तैनात एसआई पर दर्ज केस से नाम निकालने के लिए 55 हजार रुपये घूस लेने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि रुपये देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सदर विधायक योगेश वर्मा से शिकायत की। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें खुद को सुनीता देवी बताने वाली महिला ने विधायक योगेश वर्मा से एसआई पर 55 हजार रुपये लेने का आरोप लगाते हुए अपनी बात कही।
विधायक योगेश वर्मा ने मामला सुनने के बाद एसपी डॉ. ख्याति गर्ग से मुलाकात कर पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपी एसआई के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पूरे प्रकरण की जांच एएसपी पूर्वी पवन गौतम को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।