लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा मंगलवार से शुरू होगी। इस बार परीक्षा को लेकर शासन बेहद गंभीर है। परीक्षा नकलविहीन हो इसके फुल प्रुफ इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्र और कक्ष सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। वहीं राउटर के माध्यम से इन पर डीआईओएस कार्यालय और निदेशालय से भी नजर रहेगी।
मंगलवार से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा 88,452 परीक्षार्थी देंगे। इसमें हाईस्कूल के 50,056 और इंटरमीडिएट के 38,396 छात्र हैं। परीक्षा नकलविहीन हो इसके लिए बोर्ड से लेकर शासन स्तर तक विशेष तैयारी की गई हैं। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी, वॉयस रिकार्डर से लेकर राउटर लगवाए गए हैं, जिससे नकल सामग्री के साथ बोलकर होने वाली नकल पर अंकुश लग सके।
उत्तर पुस्तिकाओं पर भी बैठाया पहरा
बोर्ड परीक्षा की कॉपियों पर भी सख्ती रहेगी। परीक्षार्थियों को हर पृष्ठ पर अपना रोल नंबर और कॉपी का क्रमांक रखना होगा। कक्ष निरीक्षक कॉपियों का निरीक्षण कर हर पन्ने की डिटेल चेक करने के बाद ही हस्ताक्षर करेंगे।
दो सौ मीटर दूर रहेगा प्रबंधतंत्र
प्रबंधतंत्र के सदस्य परीक्षा केंद्र से दो सौ मीटर दूर रहेंगे। परीक्षा के दौरान विद्यालय के करीब मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसका ख्याल सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट को रखना होगा।
डीआईओएस कार्यालय पर बना कंट्रेल रूम
डीआईओएस कार्यालय पर कंट्रोल रूम बना है, जिसका नंबर 05872-277103, 9454457323 है। राजकीय हाईस्कूल कटकुसुमा के प्रधानाचार्य हयात अली अंसारी प्रभारी एवं राजकीय हाईस्कूल मुकुंदा की प्रधानाचार्य किरन लता वर्मा सह प्रभारी हैं। 10वीं की परीक्षा के दौरान सतीश चंद्र त्रिवेदी, जितेंद्र प्रसाद, जुबैर अहमद और 12वीं के पेपर के समय डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी, सुरेंद्र भारती, नवनीत कुमार एवं राजेंद्र प्रसाद मौजूद रहेंगे। लखनऊ मुख्यालय स्थित कंट्रोल नंबर-05222239198 पर शिकायत दर्ज की जा सकेगी। इसके अलावा एक ईमेल नंबर भी जारी किया है।
100 मीटर की परिधि में रहेगी धारा144
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्र के आसपास ध्वनि बजाना प्रतिबंधित होगा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों केे निर्देशित किया है कि केंद्र के इर्दगिर्द ध्वनि प्रदूषण होने पर 112 पर पुलिस को सूचना दें।
जूते मोजे पहनकर दे सकेंगे परीक्षा
परीक्षार्थी जूते मोजे पहनकर परीक्षा दे सकेंगे। बोर्ड ने इसके निर्देश भी जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार जांच दल विधिवत परीक्षण करने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने देंगे।
पांच सचल दल रोकेंगे नकल
182 केंद्रों पर नकल रोकने के लिए पांच सचल दल गठित हैं। इनके प्रभारी डायट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता, डीआईओएस डॉ. आरके जायसवाल, बीएसए बुद्धप्रिय सिंह, राजकीय हाईस्कूल पिपरी की प्रधानाचार्य रंजना अवस्थी एवं वित्त एवं लेखाधिकारी रविकांत सिंह हैं। इन सब के साथ एक महिला सहित तीन सहायक होंगे।
महिला शिक्षक लेंगी छात्राओं की तलाशी
डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि परीक्षा के दौरान महिला शिक्षक छात्राओं की और पुरुष शिक्षक छात्रों की तलाशी लें।
प्रतिबंधित हुई हड़ताल
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रमुख सचिव शिक्षा अराधना शुक्ला ने छह माह के लिए हड़ताल पर प्रतिबंध लगा दिया है।
निदेशालय की निगरानी में नौ केंद्र मिले बंद
परीक्षा केंद्रों की ऑन लाइन निगरानी के दौरान रविवार को जिले के नौ परीक्षा केंद्र बंद मिले। इसमें संवेदनशील परीक्षा केंद्र आरकेयूके इंटर कॉलेज कफारा सहित अन्य सात केंद्र बंद मिले। इस पर डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को 24 घंटे नेट ऑन रखने के निर्देश दिए।
नकल रोकने के लिए नामित अधिकारी
जोनल मजिस्ट्रेट नौ
सेक्टर मजिस्ट्रेट 15
स्टैटिक मजिस्ट्रेट दस
संवेदनशील परीक्षा केंद्र आठ
अतिसंवेदनशील दो
संकलन केंद्र सात
परीक्षा केंद्र 128
10 वीं के परीक्षार्थी 50056
12 वीं के परीक्षार्थी 38396
परीक्षक 3864