ग्रामीणों को समझाते थानाध्यक्ष नीमगांव। स्रोत: सोशल मीडिया
सिकंदराबाद। क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात अचानक आग लग गई, जिससे दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
क्षेत्र के गांव भूपतिपुर निवासी अवधेश मिश्र और मुकेश मिश्र की दुकानें गड़रिया चौराहा पर हैं। अवधेश मिश्र ने बताया कि उसकी रेडीमेड, मोबाइल फोन और कॉस्मेटिक तथा जनरल स्टोर की दुकान है। मंगलवार रात वह लोग दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात सूचना मिला कि दुकानों में आग लगी है। देखते ही देखती भीड़ जुट गई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर हंगामा किया। थानाध्यक्ष नीमगांव प्रवीर गौतम ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। यहां आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। अवधेश मिश्र ने बताया कि सभी दुकानों में करीब 30-35 लाख का सामान और दो लाख से अधिक नकदी जल गई है। थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।