भोलेबाबा की नगरी छोटी काशी में सावन की शिवरात्रि को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कांवड़ियों के जयघोष से शिव नगरी भक्तिमय हो गई।
शिवरात्रि की पूर्व संध्या से ही शिव भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। इस कारण मंगलवार की रात भोलेनाथ की शंगार पूजा में प्राचीन चंद्रभाल महादेव मंदिर श्रद्धालुओं से ठसाठस भरा रहा। पसीने में तरबतर श्रद्धालु मंदिर के गर्भगृह में अपने स्थान पर डटे रहे। शिव के दर्शन कर वे धन्य हुए और पुष्प, बेलपत्र, भांग, गंगाजल, दुग्ध से अपने आराध्य का अभिषेक कर डमरू और घंटे की मधुर ध्वनि के बीच आरती की। श्रद्धालुओं ने मंदिर के पुजारी पं दिनेश से प्रसाद लिया। भोर होते ही फिर श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर पर उमड़ पड़ी, सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धालुओं को लाइन में लगाने में काफी कठिनाई हुई। घंटानिनाद के बीच शिव भक्तों ने अपने आराध्य का पूजन अर्चन किया।
शिवरात्रि के कारण मोहम्मदी रोड, खुटार रोड, लखीमपुर रोड से आने वाले कांवड़ियों के जत्थों की भीड़ पूरे दिन उमड़ती रही, खुटार रोड पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर कई महिलाएं भी पुरुषों के साथ कांवड़ लेकर आईं थीं।