निघासन। क्षेत्र के गांव पचपेड़ा में शिवकुमार की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। हत्या में प्रयोग किए जाने वाला तमंचा और चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है।
निघासन कोतवाली में खुलासा करते हुए सीओ सुबोध जायसवाल ने बताया कि 25 दिसंबर को गांव पचपेड़ा निवासी 48 वर्षीय शिवकुमार का पहले चाकू से गला रेता गया। बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शिवकुमार के अवैध संबंध एक महिला से थे। उस महिला को उसके पति ने उसे छोड़ दिया था। 25 दिसंबर की रात शिवकुमार घर से बिना बताए निकल गया था। वह महिला के घर पहुंचा तो पहले से घात लगाकर बैठे महिला के परिवार वालों और रिश्तेदारों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद महिला की पिटाई की और शिवकुमार से हाथापाई करने के बाद उसके गले पर चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। बाद में उसे गोली मार दी। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू की। खुलासा न होने पर स्वाट टीम भी लगाई गई। करीब 40 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी छोटे ने शिवकुमार को गोली मारी थी और चाकू से जगदीश ने गला रेता था। उसकी पिटाई और हत्या करने में केशवपाल, राजेंद्र, राजेश आदि ने सहयोग किया था। स्वाट टीम प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अन्य दो साथियों के नाम लिए हैं। उनकी भी जांच चल रही है। पचपेड़ा से बाराबंकी चले गए एक आरोपी की भी पुलिस तलाश में जुटी है। बता दें कि छोटे और राजेंद्र महिला के सगे भाई और केशवपाल, राजेश और जगदीश ममेरे भाई हैं।
पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हुए हैं। तीन लोगों की जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- सुबोध जायसवाल, सीओ निघासन