महेवागंज/फूलबेहड़। सदर तहसील की ग्राम पंचायत मेहंदी के मजरा सिंघिया फार्म में शारदा नदी की तेज धारा पिछले 15 दिनों से कृषि भूमि का कटान कर रही है। कई एकड़ जमीन और गन्ने की फसल नदी में समा चुकी है। राजस्व विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है, लेकिन कटान रोकने के उपाय नहीं किए गए हैं।
सिंघिया फार्म की आबादी को नदी पिछले वर्ष ही निगल चुकी है। गांव उजड़ने के बाद लोग दूसरी जगह झोंपड़ियां डालकर रह रहे हैं। इस वर्ष भी नदी का कटान जारी है। किसानों के अनुसार, माजिद की दो एकड़, अब्दुल मलूक की तीन एकड़, लियाकत की दो एकड़, कुद्दूस की एक एकड़, बाबू की दो एकड़ और हकीमुल्ला की तीन एकड़ गन्ने की फसल व जमीन शारदा नदी में समा चुकी है। कटान करते-करते नदी गुजारा के ग्राम प्रधान सतनाम सिंह के झाले तक पहुंच गई है।
तहसीलदार सदर मुकेश वर्मा ने बताया कि मेहंदी के सिंघिया फार्म में शारदा नदी भू-कटान कर रही है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
शारदानगर-अदलाबाद बंधा मार्ग निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
निघासन। शारदानगर से अदलाबाद बंधा तक करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण तेज हो गया है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड (सीडी)-1 और खंड-तृतीय की ओर से अलग-अलग हिस्सों में कराया जा रहा है।
सड़क बनने से शारदानगर, अदलाबाद समेत आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। कृषि कार्य, व्यापारिक गतिविधियों और आपातकालीन सेवाओं को भी गति मिलेगी।
सावन में बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क बनने के बाद उन्हें भी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी और अब कार्य में तेजी आने से जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
-
खंड के हिस्से में निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहने पर निर्धारित गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा किया जाएगा।
-अनिल यादव, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड-तृतीय
-
सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। सीडी-1 के हिस्से में भी निर्माण कार्य तेज किया गया है। मौसम अनुकूल रहने पर इसे और गति दी जाएगी।
-केके झा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग सीडी-1
सिंघिया फॉर्म में खेतों और फसलों को आगोश में लेती नदी। स्रोत: ग्रामीण