मैगलगंज व हरदोई क्षेत्र की सीमा पर बने डिवाइडर के बीच रखे बोल्डर। संवाद
मैगलगंज। श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए हरदोई प्रशासन के अनुरोध पर नेशनल हाईवे-30 पर गोमती नदी पुल के आगे हरदोई जिले की पिहानी सीमा में स्थित डिवाइडर कट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम अब हाईवे पर जोखिम भरी आवाजाही का कारण बन रहा है।
कट बंद होने से पिहानी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज समेत कई जिलों की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। समय और दूरी बचाने के लिए कई चालक विपरीत दिशा में वाहन दौड़ा रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच विपरीत दिशा में हो रही आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इसका असर स्थानीय कांवड़ियों पर भी पड़ रहा है।
हर वर्ष हजारों श्रद्धालु राजघाट, मेहंदीघाट, घटियाघाट और ढाईघाट से गंगाजल लेकर गोला गोकरणनाथ, पारसनाथ मढ़िया मंदिर, टेढ़ेनाथ और जंगलीनाथ सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने जाते हैं। डिवाइडर कट बंद होने से उन्हें भी कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। कई स्थानों पर कांवड़ियों को भी वाहनों के साथ विपरीत दिशा में चलना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अंजनी कुमार ने बताया कि श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरदोई प्रशासन ने पत्र भेजकर डिवाइडर कट को अस्थायी रूप से बंद कराने का अनुरोध किया था। उसी के अनुपालन में कट बंद किया गया है और इसकी रिपोर्ट भी एनएचएआई को भेज दी गई है।