बिजुआ। विकास खंड बिजुआ के गांव करसौर में जल स्तर बढ़ने से शारदा नदी ने दोबारा कटान शुरू कर दिया है। शारदा नदी अभी गांव से करीब दो मीटर की दूरी पर बह रही है। वहां एक पक्की पुलिया थी। वह कट गई है।
शारदा नदी में पानी कम हो जाने से कटान थोड़ा रुक गया था, लेकिन पानी बढ़ते ही नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। कटान दोबारा शुरू कर दिया है। अब गांव निवासी ओमप्रकाश के मकान की दीवार से टकरा कर शारदा नदी बह रही है। कटान से गांव के सुकेश, मनोहर, ओमप्रकाश, श्रीकेशन और जगतपाल सहित कई लोगों के घर सबसे पहले शारदा नदी की चपेट में आएंगे।
लोगों को फिर भय सताने लगा है। जिस रफ्तार से कटान हो रहा है, एक दो घर शारदा नदी में समा सकते हैं। गांव वालों ने बताया कि उन लोगों की पुश्तैनी जमीनें नदी में समा गई हैं। उन लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जमीनें काटने के बाद नदी का रुख गांव की तरफ हो गया है। अभी तक प्रशासन की तरफ से कटान रोकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।