लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व और कतर्नियाघाट के बीच स्थित शारदा बैराज अब टूरिज्म चेन का अहम हिस्सा बनने जा रहा है। यूपी ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (यूपीईटीडीबी) यहां 2.67 एकड़ क्षेत्र में निजी सहभागिता से टेंट सिटी विकसित करेगा, जिससे पूरे तराई क्षेत्र के पर्यटन सर्किट को मजबूती मिलेगी।
अब तक दुधवा आने वाले पर्यटकों के लिए ठहरने के सीमित विकल्प थे, लेकिन शारदा बैराज पर टेंट सिटी बनने से सैलानियों को एक नया पड़ाव मिलेगा। इससे दुधवा, कतर्नियाघाट और आसपास के प्राकृतिक स्थलों को जोड़ते हुए एक मजबूत टूरिज्म चेन विकसित होगी।
सरकार इस स्थल को एकोमोडेशन एंड वेलनेस टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है, जहां पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के साथ शांत वातावरण और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव ले सकेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना दुधवा क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देगी और सैलानियों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, गाइड, परिवहन, होटल और छोटे कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।