नदी से लगे हुए गांवों के ग्रामीणों में बाढ़ को लेकर हड़कंप
पहाड़ों पर होने वाली मूसलाधार बारिश के साथ ही बनबसा बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी की वजह से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके कारण सूखी पड़ी नदी में चारों तरफ पानी ही पानी है। जल स्तर बढ़ने से पड़ोसी गांव श्रीनगर, आजादनगर, बर्बादनगर, मेलाघाट आदि के ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। बाढ़ के डर से सहमे हुए हैं।
इलाके के श्रीनगर, मेलाघाट, आजादनगर, बर्बादनगर, नयापुरवा, कुंवरपुर कलां, खालेपुरवा, चौरी सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों में बाढ़ को लेकर डर बैठ गया है। जिसके कारण वह अपने घरों का सामान ऊंचे ठिकाने पर रखने लगे हैं। हालांकि नदी का जलस्तर अभी नीचे है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार पहाड़ों पर होने वाली बारिश के साथ ही बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी से बाढ़ का प्रकोप उनको झेलना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन पहले से बाढ़ का कोई खास इंतजाम तो नहीं करता है। बाढ़ आने के बाद ग्रामीणों को दिक्कतें उठानी पड़ती है इसके बाद प्रशासन आकर औपचारिकता भरी सहायता देकर अपने कर्तव्य से इतिश्री कर लेता है। ग्रामीणों ने प्रशासन के साथ ही डीएम व मुख्यमंत्री से बाढ़ की रोकथाम के लिए उचित उपाय निकालने की मांग की है।