निघासन सीएचसी में भर्ती हाईटेंशन तार से झुलसे मजदूर। स्रोत: ग्रामीण
निघासन। तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र के गांव भूलनपुर में रविवार को डीसीएम में केला भरते समय ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात मजदूर झुलस गए। सभी को निघासन सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मंसाराम और आसाराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य पांच मजदूरों का सीएचसी में उपचार चल रहा है।
सीएचसी में मौजूद मोलहेपुरवा निवासी मजदूर अरविंद कुमार ने बताया कि वह अन्य मजदूरों के साथ भूलनपुर निवासी शिवम वर्मा के खेत में डीसीएम से केला भरने गए थे। इसी दौरान डीसीएम के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से अरविंद, चन्ने, रामशंकर, रामआसरे, मंसाराम, आसाराम और जयप्रकाश झुलस गए।
बताया गया कि सभी मजदूर केला खरीदने वाले ठेकेदार राहुल, करन, सर्वेश और मनोज के साथ खेत से केला भरने गए थे।