लखीमपुर खीरी। जिले में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात स्कूलों के प्रबंधकों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने सभी को नोटिस जारी कर 23 अप्रैल तक कार्यालय में विद्यालय संचालन संबंधी कागजात पेश करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि यदि दस्तावेज सही पाए जाते हैं, तभी विद्यालयों का संचालन आगे जारी रह सकेगा। गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही हैं।
बीते दिनों टीम ने रमियाबेहड़ के खरवहिया नंबर दो में संचालित श्रीनव ज्योति पब्लिक स्कूल के प्रबंधक वंशीधर शुक्ला, श्रीजगन्नाथ पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मिथेलश कुमार, ग्राम सिसैया रमियाबेहड़ के मॉर्डन एजुकेशन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मुकुंद लाल, टापरपुरवा के श्रीजमुना प्रसाद उर्मिला बाल विद्या मंदिर के प्रबंधक राहुल वर्मा, मितौली के ग्राम नीमगांव स्थित बाल निकुंज इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक अभिषेक वर्मा, मॉर्डन पब्लिक रिजेंसी स्कूल की प्रबंधक ऊषा शुक्ला तथा नीमगांव के मानस स्थली पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रवि त्रिपाठी को नोटिस जारी किया है।
निरीक्षण में पाया गया कि स्कूलों में कहीं कक्षा पांच तक की मान्यता के बाद कक्षा आठ तक की कक्षाएं संचालित हो रही थीं, तो कहीं दसवीं की मान्यता पर इंटर तक की कक्षाएं चलाई जा रही थीं। इस दौरान विद्यालय संचालक संचालन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। चेतावनी देते हुए निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन बंद कर 10 रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र प्रस्तुत किया जाए।