तिकुनियां क्षेत्र के भूलनपुर गांव में रविवार को डीसीएम में केला भरते समय मजदूरों के साथ हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद उन्हें निघासन सीएचसी ले जाया गया। दो मजदूरों की हालत गंभीर है। इन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
लखीमपुर खीरी के तिकुनियां कोतवाली क्षेत्र के भूलनपुर गांव में रविवार को डीसीएम में केला भरते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से सात मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को आनन-फानन निघासन सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे दो मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
निघासन सीएचसी में मौजूद मोलहे पुरवा निवासी मजदूर अरविंद कुमार ने बताया कि वह अन्य मजदूरों के साथ भूलनपुर निवासी शिवम वर्मा के खेत में डीसीएम से केला भरने गए थे। केला भरते समय डीसीएम के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से अरविंद, चन्ने, रामशंकर, रामआसरे, मंसाराम, आसाराम और जयप्रकाश समेत सात मजदूर झुलस गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को निघासन सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मंसाराम और आसाराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य पांच मजदूरों का सीएचसी में उपचार जारी है। बताया गया कि सभी मजदूर केला खरीदने वाले ठेकेदार राहुल, करन, सर्वेश और मनोज के साथ खेत से केला भरने गए थे।