फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: खेतों में घुसे सात हाथी, धान-गन्ने की फसल रौंदी

Tue, 29 Sep 2026 12:36 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
बांकेगंज। बारिश थमने के बाद किशनपुर अभयारण्य में डेरा डाले सात हाथी रविवार शाम बफरजोन मैलानी रेंज से गुजरकर खीरी ब्रांच बड़ी नहर के गढ़ा पुल के पास पहुंचे। यहां से झुंड खुटार रेंज के गोविंदपुर गांव के पांच किसानों के खेतों में पहुंच गया। हाथियों ने धान और गन्ने की फसल रौंदकर और चरकर बर्बाद कर दी।
विज्ञापन

मैलानी रेंज की सुल्तानपुर बीट और खुटार रेंज की सीमा पर ग्रामीणों और वनकर्मियों की निगरानी टीमों ने पटाखे दागकर और पीपे बजाकर हाथियों को खदेड़ा। इससे नाराज हाथियों ने रास्ते में कई पेड़ जड़ से उखाड़ दिए।
इसके बाद हाथी रातभर आबादी के आसपास मंडराते रहे, लेकिन फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा पाए। सुबह बड़ी नहर खर्चा पुल के रास्ते जंगल की ओर लौट गए।
मैलानी रेंजर सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आबादी की ओर पहुंचने पर ग्रामीणों और वनकर्मियों की टीमों ने हाथियों को खदेड़ दिया। निगरानी टीमों के मुताबिक सोमवार को हाथियों की लोकेशन किशनपुर जंगल में मिली है।
विज्ञापन


चार बाघों की लोकेशन तलाशने के लिए छह कैमरे लगाए
मझगईं। वन रेंज के धर्मापुर-कोलवा फार्म में एक हफ्ते से चार बाघों की मौजूदगी के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बाघों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए फार्म के आसपास छह कैमरे लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है।
बुधवार रात कोलवा फार्म से लौट रहे बम्हनपुर निवासी बलविंदर सिंह और गुरजीत सिंह को पुलिया के पास सड़क किनारे दो बाघ दिखाई दिए। कुछ देर बाद एक बाघिन भी रास्ता पार करती नजर आई। बृहस्पतिवार रात रेंजर अंकित सिंह की टीम को गश्त के दौरान तालाब किनारे एक साथ चार बाघ दिखाई दिए थे। वन विभाग ने बाघों की लोकेशन पता करने के लिए कोलवा फार्म के आसपास छह कैमरे लगाए हैं। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि दो दिन से गश्त के दौरान क्षेत्र में बाघ नजर नहीं आए हैं। उनके जंगल में जाने की संभावना है। संवाद

सर्प दंश से हालत बिगड़ी

गोला गोकर्णनाथ। मितौली थाना क्षेत्र के गांव बरुआ निवासी हिरदेश कुमार (20) पुत्र श्याम बिहारी को किसी जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। संवाद



तालाब में तीन मगरमच्छ दिखे, चलाया खोज अभियान

निघासन। रकेहटी मोहल्ला शिवपुरी में रविवार को एक तालाब में तीन मगरमच्छ दिखाई दिए। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में खोज अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद भी मगरमच्छों का पता नहीं चल सका। वन विभाग ने आसपास के लोगों को तालाब के पास न जाने की हिदायत दी है। रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि तालाब में पानी अधिक होने के कारण मगरमच्छों का पता नहीं चल सका। संवाद
-
सुमेर नगर समेत कई गांवों में बाघ की दहशत, दो पालतू पशुओं को मारा

पलियाकलां। ग्रामसभा सुमेरनगर, विशेनपुरी, सुमेरपुर, संपूर्णानगर और बालपुर क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। बीती रात सुमेर नगर में बाघ ने दो पालतू पशुओं को निवाला बना लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ ने पहले रुपा पत्नी विनोद की बकरी पर हमला कर उसे मार डाला। कुछ देर बाद कौशल्या पत्नी विनोद की गाय को भी निवाला बना लिया। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले विशेनपुरी में बाघ ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला किया था। इससे पहले 22 सितंबर की रात बसही मार्ग पर भी बाघ ने एक घर में घुसकर हमला करने का प्रयास किया था। ग्रामीणों के अनुसार, मामले की जानकारी वन क्षेत्राधिकारी समेत संपूर्णानगर, परसपुर और पलिया क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद बाघ की निगरानी, पकड़ने या ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें