पलियाकलां। शहर के सभी वार्डों में स्वगणना का कार्य शुरू हो गया है। इसको सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों और वार्ड सभासदों को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
प्रशासन की ओर से शहर में कई पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। उनकी निगरानी में गणना कार्य कराया जा रहा है। टीमें विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर डेटा जुटाने के साथ वार्ड सभासदों के सहयोग से घर-घर जाकर भी विवरण एकत्र कर रही हैं। पर्यवेक्षक नफीस अंसारी ने बताया कि गणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किया जा रहा है। संवाद
बार कोड स्कैन कर भरी जा रही घरेलू जानकारी
धौरहरा। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक टीमों ने गांव-गांव जाकर बैठकें कीं। एसडीएम धौरहरा शशिकांत मणि और तहसीलदार आदित्य विशाल ने नगर पंचायत के सीमा विस्तार क्षेत्र सरोजनी नगर समेत अमेठी, जुगुनूपुर, केशवापुर और बसंतापुर गांवों में अलग-अलग बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए बार कोड जारी किए जा रहे हैं। एंड्रॉयड मोबाइल फोन से बार कोड स्कैन कर लोग स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं। इस दौरान जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद
तहसीलदार ने बैठक कर स्वगणना के प्रति किया जागरूक
मझगईं। सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय प्रशासन की सक्रियता को परखने के लिए रविवार को निघासन तहसीलदार दिव्यांशु साही ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने लोगों को स्वगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया और पंचायत भवन का निरीक्षण भी किया।
तहसीलदार ने कहा कि स्वगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की सरकारी नीतियों और विकास योजनाओं का आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से परिवार की सही जानकारी दर्ज कराने की अपील की, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंच सके। संवाद