लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना इलाके के एक गांव में शनिवार को समारोह में शामिल होने आई जनजाति की मूकबधिर नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी सिंगाही पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ओयल में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह ने बताया कि शनिवार रात किशोरी के साथ हुई घटना के बाद पुलिस ने उसी रात एक आरोपी जावेद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमें दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार रात करीब सवा बारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी छोटू सिंह पुत्र गजोधर सिंह निवासी रामनगर बगहा, थाना पढुआ, सिंगाही क्षेत्र में कहीं छिपा हुआ है।