अज्ञात कारणों के चलते केरोसिन डालकर आत्मदाह करने वाले युवक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवार वालों ने शराब के नशे में आग लगाने की बात कही है। डॉक्टरों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हैदराबाद थाना के गांव परेली निवासी माखनलाल के पुत्र 26 वर्षीय सुरेश कुमार ने शुक्रवार की शाम को घर में केरोसिन डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया था। अचानक हुई घटना से स्तब्ध परिवार वालों ने किसी तरह उसे आग से बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चार दिनों तक चले इलाज के बाद मंगलवार की सुबह सुरेश कुमार ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई राजेश कुमार ने आत्मदाह के कारणों के बारे में जानकारी से इंकार किया है। हालांकि उसने बताया कि घटना वाले दिन सुरेश कुमार कहीं से शराब पीकर घर आया था, जिसके बाद उसने घर में रखे केरोसिन को अपने ऊपर डालकर आग लगा ली थी। उसके शोर मचाने पर परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई।