बीच सड़क पर जलती स्कूटी। स्रोत : सोशल मीडिया
निघासन। पढ़ुवा थाना क्षेत्र में स्कूटी के सामने अचानक छुट्टा घोड़ा आ जाने से स्कूटी गिर गई। इससे उसमें आग लग गई। स्कूटी सवार युवकों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। कुछ ही देर में स्कूटी जलकर राख हो गई।
निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरहनी निवासी प्रेम गुप्ता शनिवार रात करीब 10 बजे अपने साथी रुस्तम यादव निवासी बिहारीपुरवा के साथ बोझिया स्थित शराब की दुकान बंदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर घूम रहे एक छुट्टा घोड़े से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और उसमें आग लग गई।
आग लगते ही दोनों युवकों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और जलकर राख हो गई। राहगीरों ने जलती स्कूटी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। गनीमत रही कि दोनों सवार सुरक्षित हैं।