हादसे के बाद खंती में गई बस। स्रोत ग्रामीण।
उचौलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव कोटरा के पास बच्चों को लेने के लिए सड़क किनारे खड़ी बाबे के पब्लिक स्कूल, चपरतला की बस में पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में चली गई। हादसे के समय बस में 22 छात्र-छात्राएं सवार थे। किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
बस चालक रामलखन, कक्षा आठ की छात्रा आरुषि और एक अन्य छात्रा संध्या को मामूली चोटें आईं। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी पसगवां भेजा गया। हादसे के बाद बच्चों और अभिभावकों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहाैल रहा।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही उचौलिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। क्रेन की मदद से बस को खंती से बाहर निकलवाया गया।