सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी, इलाहाबाद द्वारा हर साल 15 मई को एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा कराई जाती है, लेकिन वर्ष 2011 से उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है। बानगी के तौर पर पिछले चार सालों में इस परीक्षा में सबसे ज्यादा 157 छात्र गोला के सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के उत्तीर्ण हुए, जिनमें से किसी भी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी है। हालांकि डीआईओएस का दावा है कि उनके यहां से छात्रवृत्ति नियमित रूप से भेजी जा रही है। 15 मई को फिर परीक्षा है, लेकिन पिछले सालों में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को आज भी छात्रवृत्ति मिलने का इंतजार है।
एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में कक्षा आठ उत्तीर्ण विद्यार्थी परीक्षा देते हैं, जिन्हें कक्षा नौ और दस में मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। विद्या कुंवरि स्मारक सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार त्रिपाठी के अनुसार वर्ष 1972 में परीक्षा प्रारंभ हुई थी। परीक्षा परिणाम तीन श्रेणी में घोषित होता है। क श्रेणी पाने वाले परीक्षार्थी को 100 रुपये, ख श्रेणी वाले को 50 रुपये और ग श्रेणी पाने वाले को 15 रुपये की मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। खास बात यह भी है कि प्रारंभ से अब तक छात्रवृत्ति की धनराशि नहीं बढ़ाई गई है, जबकि परीक्षा शुल्क पांच से बढ़ाकर इस साल 35 रुपये कर दिया गया है। परीक्षा शुल्क सात गुना बढ़ाए जाने से स्कूल प्रबंधकों ने इसे अनुचित बताया है। प्रधानाचार्य त्रिपाठी का कहना है कि 2011 से 2014 तक उनके विद्यालय के 150 से ज्यादा परीक्षार्थी इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए, लेकिन उन्हें आज तक छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी। सभी विद्यार्थी छात्रवृत्ति मिलने के इंतजार में हैं।
छात्रवृत्ति मिले तो पिता को नहीं उठाना पड़ेगा खर्च
वर्ष 2012 में एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा क श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाले सरस्वती विद्या निकेतन गोला के छात्र शरद कुमार का कहना है कि छात्रवृत्ति मिल जाए तो उनकी पढ़ाई का कुछ बोझ पिता को नहीं उठाना पड़ेगा।
पढ़ाई पर होने वाले खर्च में होगी सुविधा
वर्ष 2011 में एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा क श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाली सरस्वती विद्या निकेतन गोला के छात्रा रुशदा खान का कहना है कि छात्रवृत्ति मिलने से उनकी पढ़ाई पर होने वाले खर्च वहन करने में परिवार को काफी सुविधा होगी।
निघासन-पलिया में उत्तीर्ण नहीं हुआ कोई छात्र
एकीकृत परीक्षा में पिछले चार सालों में निघासन से 63 और पलिया से 78 छात्रों ने एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा दी, लेकिन इन दोनों स्थानों पर कोई छात्र उत्तीर्ण नहीं हो सका।
डीआईओएस अशोक कुमार एकीकृत छात्रवृति परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भेजी जा रही है। गोला के विद्या निकेतन में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही है, जिसका कुछ और कारण होगा। वह पूरे मामले को चेक कराएंगे और सभी को छात्रवृत्ति दिलवाएंगे।
एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा आज
लखीमपुर खीरी। कक्षा आठ पास विद्यार्थियों के लिए एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा जिले में शुक्रवार को सुबह सात बजे से कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि इसके लिए कृषक समाज इंटर कॉलेज गोला और लखीमपुर के राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
किस केंद्र पर कितने परीक्षार्थी
राजकीय इंटर कॉलेज लखीमपुर 50, कृषक समाज इंटर कॉलेज गोला 180