लखीमपुर खीरी। सोमवार से भगवान शिव का महीना सावन शुरू हो गया। कोरोना संक्रमण के कारण जिले के अधिकतर शिवमंदिरों और शिवालयों में ताला लटकते रहे, साथ पुलिस भी तैनात रही। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ की इच्छा मानकर घर पर पूजन किया। कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर गेट पर माथा टेका। गोला स्थित पौराणिक शिव मंदिर जाने वाली सभी गलियां सील रहीं। इस बार सावन माह में छोटी काशी की गलियों में सन्नाटा रहा।
शहर के भुईफोरवानाथ, जंगलीनाथ सहित अन्य शिवालयों के गेट भक्तों के लिए बंद रहे। मंदिर से लेकर शिवालयों तक पुलिस बल तैनात रहा। ऐसे में कुछ भक्त मंदिर गेट पर ही माथा टेककर लौट गए। उधर छोटी काशी गोला के पौराणिक शिवमंदिर के कपाट भक्तों के लिए बंद रहे। स्थानीय प्रशासन ने मंदिर जाने वाले सभी रास्ते बल्लियां लगाकर सील कर दिए। ऐसा पहली बार हुआ कि सावन माह में शिवनगरी सन्नाटे में रही।
सील रहे मंदिर के रास्ते
सावन के पहले सोमवार को लेकर स्थानीय प्रशासन बेहद चौकन्ना रहा। भक्त मंदिर गेट तक न पहुंच सके इसलिए मंदिर तक जाने वाली सभी रास्ते सील करने के साथ पुलिस का पहरा रहा।
तीर्थ में स्थित शिव की विशाल प्रतिमा के साथ भक्त सेल्फी लेते थे। मगर, इस बार रास्ते सील होने के कारण शिवभक्तों की सेल्फी लेने की मंशा भी अधूरी रह गई।
मालियों की दुकानें एवं पंडों के तख्त रहे सूने
श्रावण माह में मंदिर परिसर में तिल रखने की जगह नहीं रहती थी, लेकिन सोमवार को सन्नाटा रहा। माली और पंडों के तख्त भी सूने रहे।