गोला गोकर्णनाथ। 30 जुलाई से सावन शुरू होना है। ऐसे में 69.17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे शिव मंदिर कॉरिडोर के प्रमुख कार्यों को पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था के पास अब करीब एक महीने का समय बचा है।
हालांकि, यूपीपीसीएल का दावा है कि सावन शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जबकि मौके पर अभी कई महत्वपूर्ण कार्य बाकी हैं। कॉरिडोर का निर्माण अंतिम चरण में है, लेकिन पौराणिक शिव मंदिर के गर्भगृह के सामने और दक्षिण दिशा के परिक्रमा पथ, स्टेशन मार्ग स्थित मुख्य द्वार से मंदिर परिसर तक मुख्य मार्ग, परिक्षेत्र में स्टेशन मार्ग, शिवम चौराहा, आंबेडकर तिराहा, मिल डायवर्जन मार्ग होते हुए वीआईपी मार्ग तथा गोकर्ण तीर्थ का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है।
यूपीपीसीएल के जेई विवेक वाजपेई ने बताया कि सावन से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। पौराणिक शिव मंदिर के मुख्य मार्ग स्थित परिक्रमा पथ पर प्राचीन बूढ़े बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू हो गया है।
-
डेढ़ साल में यहां तक पहुंचा कॉरिडोर
कॉरिडोर का निर्माण दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था। करीब डेढ़ वर्ष में तीर्थ के पूर्व और दक्षिण दिशा में तीन मंजिला यात्री हाॅल, कैफेटेरिया, रिटेनिंग वाल तथा भगवान शिव की महिमा से जुड़े म्यूरल और शिव स्त्रोत उकेरे जा चुके हैं। परिक्रमा पथ का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्तंभों पर नक्काशीदार पत्थर, मेहराब, छत की फॉल्स सीलिंग, अन्य 11 मंदिरों का पुनर्स्थापन तथा गोकर्ण तीर्थ की सीढ़ियों और धरातल का कार्य जारी है। कॉरिडोर में वर्षाजल और अन्य जल संचयन के लिए हार्वेस्टिंग सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है। मुख्य एवं वीआईपी द्वार का निर्माण भी लगभग पूरा होने की ओर है।
-
सावन से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। टेंडर और कार्ययोजना के अनुसार तेजी से काम कराया जा रहा है।
-विवेक वाजपेई, जेई, यूपीपीसीएल
गोला के निर्माणाधीन कॉरिडोर में बनाया जा गोकर्ण तीर्थ का धरातल। संवाद