संपूर्णानगर। श्री दुर्गा मंदिर में बालाजी जन्मोत्सव को लेकर श्री बालाजी सुंदर मंडल की तरफ से तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत विशाल शोभायात्रा के साथ की गई। सुंदर झांकियों ने सबका मन मोह लिया। वहीं, जय श्री राम व श्री बालाजी के नारों से कस्बा पूरी तरह से गुंजायमान हो गया।
श्री बालाजी जन्मोत्सव को लेकर श्री बालाजी सुंदर मंडल की तरफ से बृहस्पतिवार को शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बाबा की पालकी पर आचार्य राजेश मिश्र व अजय शर्मा, मदन गोपाल शर्मा द्वारा पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद शोभायात्रा मंदिर से मुख्य बाजार, सिंगाही खुर्द, टीचर्स कॉलोनी, बिहारी कॉलोनी, मिल मार्ग व चीनी मिल कॉलोनी होते हुए वापस दुर्गा मंदिर में आकर संपन्न हुई। बाबा की पालकी के आगे सेवादार झाड़ू लगाकर सड़क पानी से साफ कर रहे थे।
बजरंग दल व बाबा के लाड़ले ग्रुप द्वारा ध्वज लेकर आगे जाया जा रहा था। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सजी श्रीकृष्ण-राधा, राम-सीता, हनुमान व भोलेनाथ की झांकियां चल रही थीं। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। श्री बालाजी सेवा समिति की तरफ से राजमा-चावल, हलुवा, शर्बत आदि का वितरण किया गया। इसके अलावा अन्य कई लोगों ने स्टॉल लगाकर चना-हलुवा, बिस्कुट आदि का प्रसाद वितरण किया गया।
शोभायात्रा में स्वागत के लिए कई जगहों पर गेट लगाए गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी अंबर सिंह, मझगईं थाना प्रभारी राजू राव समेत कई थानों की फोर्स मौजूद रही। कार्यक्रम में श्री बालाजी धाम, श्री दुर्गा सेवा समिति, छठ सेवा समिति, युवा जनहित सेवा समिति, श्री बालाजी सेवा समिति, काली माता मंदिर ट्रस्ट, भुइयां माता मंदिर, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने हिस्सा लिया।
शोभायात्रा के दौरान दिखी हिंदू, मुस्लिम, सिख की गंगा-जमुनी तहजीब
शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम व सिख समाज की तरफ से भी शोभायात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत किया गया। खान परिवार की तरफ से डाॅ. इजहार खान, डाॅ. आईए खान, डाॅ. नेहाब फातिमा, नगर व्यापार मंडल महामंत्री इश्तियाक खान, दानिश खान ने बिस्कुट का वितरण किया और बधाई दी। सिंगाही खुर्द में बैंक के सामने सिख समुदाय की तरफ से राजमा-चावल का वितरण शोभायात्रा में शामिल भक्तों में किया।