लखीमपुर खीरी। मेडिकल कॉलेज देवकली में सीलन, सीपेज और निर्माण की खामियां मिलने पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने शासन को जांच के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता एनके वर्मा, सतीश कुमार की अगुवाई में तकनीकी टीम कॉलेज पहुंची। दो घंटे तक कैंपस का कोना-कोना खंगाला और कई सैंपल लिए।
टीम ने दीवारों की नमी से लेकर सीपेज तक एक-एक कमी नोट की। कार्यदायी संस्था और ठेकेदार से कारण पूछे। खामियों के तकनीकी कारण समझकर उसके निवारण का ठोस रोडमैप तैयार कराया। साथ ही निर्धारित समय सीमा में सुधार कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
तकनीकी टीम ने देखरेख के अभाव में जो समस्याएं थीं, उन्हें अटेंड करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने भवन निर्माण से जुड़ी समस्या को समिति के समक्ष रखा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी खामियां समय पर दुरुस्त होंगी, वे खुद सुपरविजन करेंगे। इसके बाद टीम जिला महिला चिकित्सालय पहुंची और वहां भी मेडिकल कॉलेज के अफसरों और एजेंसी से सवाल-जवाब किए।
देर रात तकनीकी टीम ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही यह टीम शासन को भेजेगी।