धौरहरा। खमरिया थाना क्षेत्र के ऐरा पुल से एक युवक अपने पिता को फोन कर शारदा नदी में कूदकर आत्महत्या करने की बात कहकर लापता हो गया था। पिता सहित परिवार वाले पुलिस को सूचना देकर पुल पर पहुंचे, जहां उसकी बाइक मोबाइल फोन और कपड़े मिले। पुलिस ने तलाश किया तो वह गांव से मिल गया।
गांव भिठौली निवासी मिहीलाल का 30 वर्षीय पुत्र पवन उर्फ परसादी ने शुक्रवार को दो बजे शारदा पुल पर अपनी बाइक खड़ी की और पिता को नदी में कूदकर आत्महत्या करने की बात कहकर कपड़े और मोबाइल फोन वही रखकर भाग गया। सूचना पर खमरिया थानाध्यक्ष ओपी राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू करवाई। साथ ही उसके पिता और अन्य परिजनों से अलग-अलग बात की। संदेह होने पर पुलिस ने अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू की। दो घंटे बाद पुलिस ने उसके गांव भिठौली से ही युवक मिल गया। युवक ने पुलिस को बताया कि परिजनों से विवाद हुआ था। उन्हें सबक सिखाने के लिए ऐसा किया। प्रभारी निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि युवक और उसके परिवार को समझा-बुझाकर घर भेजा गया है। संवाद