लखीमपुर खीरी। औषधि प्रशासन की ओर से लिए गए दो दवाओं के नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। इसमें एक खासी से इलाज का सिरप है तो दूसरा गैस की समस्या से निजात दिलाने वाला कैप्सूल। औषधि प्रशासन की ओर से विक्रेता और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। सभी के खिलाफ एडीजे कोर्ट में वाद दायर कर मुकदमा चलाया जाएगा।
औषधि निरीक्षक बबिता रानी ने बताया कि क्यूफ्रिश एलएस सिरप और पोराज डी कैप्सूल के नमूने जांच में अधोमानक पाए गए हैं। क्यूफ्रिश सिरप खांसी का है, जिसका नमूना जनवरी 2025 में पलिया रोड निघासन के दानिश मेडिकल स्टोर से लिया गया था। यह सैंपल फेल होने पर मेडिकल स्टोर के साथ ही मेरठ की निर्माता कंपनी को नोटिस जारी किया गया।
मेडिकल संचालक ने यह दवा सावित्री मेडिकल एजेंसी से और एजेंसी स्वामी ने हेल्थ लाइन राजनगर गाजियाबाद से लिया था। सभी को नोटिस जारी किया गया। पोराज डी कैप्सूल गैस से बचाव का है। इसका नमूना मझगईं के बल्लीपुर कलां निवासी अजीत कुमार की दुकान से लिया गया।
यह बिना पंजीकरण दुकान संचालित करते पाए गए थे। सात नमूनों में एक फेल पाया गया है। इसमें दुकान संचालक के साथ ही निर्माता कंपनी प्रीत रेमीडेज बद्री हिमाचल प्रदेश को नोटिस जारी किया गया है।