लखीमपुर खीरी। कारगिल विजय दिवस पर जिले में शहीदों को नमन कर उनके शौर्य और बलिदान को याद किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय स्थित शहीद स्मारक पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पुष्प अर्पित किए। इसके बाद कारगिल युद्ध में शामिल 12 पूर्व सैनिकों को शील्ड और शाॅल देकर सम्मानित किया।
डीएम ने कारगिल युद्ध में शामिल सूबेदार मेजर प्रेम कुमार, सूबेदार लखविंदर सिंह, सूबेदार परमजीत सिंह, नायक संदीप कुमार, ऑनरेरी कैप्टन अकरम खान, हवलदार सुभाष कुमार, हवलदार वली मोहम्मद, नायब सूबेदार नरेंद्र कुमार, नायब सूबेदार विपनेश कुमार, हवलदार राकेश कुमार, नायब सूबेदार प्रमोद कुमार सिंह एवं लांस नायक शांति रावत पत्नी राजकुमार रावत को सम्मानित किया।
डीएम ने युद्ध में जवानों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से सेना के शौर्य को जानने के लिए सैनिकों की प्रेरणादायक कहानियां पढ़ने के लिए कहा। साथ ही पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारियों की टीम की ओर से हर संभव प्रयास करने की बात कही।
इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन ने भी कारगिल विजय दिवस मनाया। इस दौरान संगठन अध्यक्ष अवधेश चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष रामशंकर गौड़, सूबेदार शिव बालक राम वर्मा, कैप्टन राजेश वर्मा, सूबेदार लालू राम, सूबेदार चंद्रहास वर्मा, सूबेदार बाबू राम, सूबेदार परमजीत सिंह, सूबेदार राजकिशोर वर्मा, इमदाद अली आदि मौजूद रहे।
-
एसएसबी जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर किया नमन
पलियाकलां। कारगिल विजय दिवस पर एसएसबी की 39वीं वाहिनी के अधिकारियों और बलकर्मियों ने राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।
वाहिनी कमांडेंट रबींद्र कुमार राजेश्वरी ने कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए वर्ष 1999 में विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का उल्लेख किया। उन्होंने कारगिल के वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में वाहिनी के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं समस्त बलकर्मी मौजूद रहे। संवाद
-
शहीदों के शौर्य को किया नमन
गोला गोकर्णनाथ। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने रविवार देर शाम नगर के इंदिरा गांधी पार्क में 27वां कारगिल विजय दिवस राष्ट्रभक्ति की भावना और भारत माता के जयकारों के साथ मनाया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू और पूर्व सैनिकों ने दीप जलाकर शहीदों के शौर्य को नमन किया।
इस मौके पर राजेश्वर सिंह, मिथिलेश अवस्थी, कैप्टन जगदेव सिंह, कृष्ण गोपाल त्रिवेदी, गजेंद्र प्रसाद, अनिल गुप्ता, सूबेदार रिटायर्ड जेपी सिंह, प्रेम कुमार वर्मा, विनोद कुमार वर्मा, अजय भानु अवस्थी, राम हरीश मिश्रा, आयुष्मान मिश्रा, लक्ष्मीकांत अवस्थी, जितेंद्र कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद