लखीमपुर खीरी में एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें ई-रिक्शा चालक भी शामिल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात सुचारू कराया।
लखीमपुर खीरी के ओयल कस्बा स्थित मेंढक मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। कार की टक्कर लगने से ई-रिक्शा में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
बताया गया कि फरधान थाना क्षेत्र के गांव अमनिया निवासी संगीता वर्मा (45 वर्ष) पत्नी दिलेराम वर्मा अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ मेंढक मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद सभी ई-रिक्शा से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में संगीता वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में नीलम देवी पत्नी जगदीश वर्मा, अंतिमा वर्मा पत्नी सुधीर, अनामिका पुत्री सुधीर कुमार सिंह, आरती वर्मा पत्नी अवनीत वर्मा निवासी बनवारीपुर महेवागंज तथा ई-रिक्शा चालक रफीक पुत्र जियाउल्ला निवासी बनवारीपुर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।